किच्छा में आज पुराने अस्पताल की जर्जर बिल्डिंग को लेकर बड़ा एक्शन देखने को मिला। जिला पंचायत की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर भवन को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर कुछ परिवारों और स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया।
जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस रोड स्थित इस पुराने अस्पताल भवन की जमीन जिला पंचायत की है। नए अस्पताल भवन के कोतवाली रोड पर बन जाने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वहां शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद से खाली पड़े इस भवन में कुछ परिवार रहने लगे थे। समय के साथ बिल्डिंग काफी जर्जर हो चुकी थी, जिसे खतरे की स्थिति में मानते हुए विभाग ने पहले ही नोटिस जारी किए थे।
गुरुवार को तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया। जैसे ही जेसीबी मशीनें चलीं, वहां रह रहे परिवारों ने कोर्ट से स्टे होने का दावा करते हुए विरोध किया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने महिलाओं और विरोध कर रहे लोगों को हटाया। एक व्यापारी नेता ने भी जेसीबी के सामने खड़े होकर विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी मौके से हटा दिया।
अधिकारियों का कहना है कि किसी के पास कोई वैध स्थगन आदेश नहीं मिला है। फिलहाल जिन हिस्सों में परिवार रह रहे हैं, उन्हें अभी नहीं तोड़ा जा रहा है। बाकी जर्जर हिस्से हटाए जा रहे हैं ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन काफी खतरनाक हालत में था, लेकिन वहां रह रहे परिवारों के पुनर्वास का सवाल भी उठ रहा है। आने वाले दिनों में प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कदम उठाता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।
इस update पर नजर बनी हुई है।
